सीएम योगी आदित्यनाथ अपने दो दिवसीय बलरामपुर के दौरे पर हैं। सीएम ने दूसरे दिन 11 अक्टूबर को शक्तिपीठ देवीपाटन मंदिर मां पाटेश्वरी के दर्शन कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। उन्होंने मंदिर परिसर की गौशाला में गायों को चारा और गुड़ खिलाया। इसके बाद, सीएम ‘बालिका सम्मान’ कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने वहां मौजूद बच्चों को चॉकलेट बांटा। साथ ही स्थानीय जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और भाजपा संगठन के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर क्षेत्र की प्रगति की समीक्षा भी की। सीएम ने कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय के छात्राओं को सम्मानित किया और स्टडी टेबल वितरित कीं। फिर जन सभी को भी संबोधित किया। सीएम योगी ने कहा कि जिस समाज में नारी का सम्मान नहीं होता, वह विकास की बुलंदियों को नहीं छू सकता। बेटी, बहन और महिला की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन तीनों साथ चलेंगे, तभी देश और प्रदेश आगे बढ़ेंगे। सीएम रविवार को शारदीय नवरात्रि के पहले दिन और अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर बलरामपुर में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने बालिकाओं को सम्मानित किया और स्टडी टेबल वितरित कीं।






















