रायबरेली के ऊंचाहार में उत्तराखंड की लगातार बारिश का असर दिख रहा है। गोकना गंगा घाट पर गंगा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है, जिससे घाट और आसपास के इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं।
अचानक जलस्तर बढ़ने से घाट की सीढ़ियां और पूरा घाट पानी में डूब गया है। शव दाह गृह तक पानी पहुंचने से अंतिम संस्कार में दिक्कतें आ रही हैं। जलीय जीवों के किनारे आने का खतरा भी बढ़ गया है।
हालात की गंभीरता को देखते हुए ‘मां गंगा गोकर्ण जन कल्याण सेवा समिति’ ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए कदम उठाए हैं। समिति के सदस्य जितेंद्र द्विवेदी ने लाउडस्पीकर से चेतावनी जारी कर लोगों से गहरे पानी में स्नान न करने और जलीय जीवों से सतर्क रहने को कहा।
फिलहाल, घाट पर आने वाले हर व्यक्ति को लगातार सावधान किया जा रहा है। स्थानीय प्रशासन भी स्थिति पर नजर रख रहा है।






















