रायबरेली। शिव पुराण कथा में शामिल होने के उपरांत उत्तर प्रदेश सरकार के पर्यावरण एवं वन मंत्री डॉ. अरुण कुमार सक्सेना रायबरेली शहर स्थित कायस्थ महासभा के जिला अध्यक्ष एवं वरिष्ठ अधिवक्ता अरविंद श्रीवास्तव के आवास पहुंचे। यहां कायस्थ समाज के प्रमुख लोगों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया और विभिन्न सामाजिक एवं समसामयिक विषयों पर संवाद किया। इस अवसर पर कायस्थ समाज के उपस्थित प्रतिनिधियों ने समाज की ओर से मंत्री डॉ. अरुण कुमार सक्सेना का स्वागत करते हुए उन्हें हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। साथ ही, समाज के लोगों ने अरविंद श्रीवास्तव द्वारा लगातार किए जा रहे सामाजिक एवं सेवा कार्यों की सराहना करते हुए उनके लिए शासन में महत्वपूर्ण संवैधानिक दायित्व दिए जाने की मांग उठाई। कायस्थ समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि अरविंद श्रीवास्तव लंबे समय से सामाजिक, शैक्षिक एवं सेवा गतिविधियों से जुड़े हुए हैं। उनके अंदर कार्य करने की ऊर्जा और विभिन्न सामाजिक संगठनों के साथ समन्वय स्थापित करने की क्षमता है। ऐसे में उनकी सक्रियता का व्यापक उपयोग पार्टी को करना चाहिए। कार्यक्रम में अपने संबोधन में पर्यावरण एवं वन मंत्री डॉ. अरुण कुमार सक्सेना ने कहा कि कायस्थ समाज ने देश के निर्माण और शासन-प्रशासन के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। समाज में प्रशासनिक क्षमता, शिक्षा और प्रतिभा की समृद्ध परंपरा रही है। उन्होंने कहा कि कायस्थ समाज के लोगों ने विभिन्न क्षेत्रों में अपनी योग्यता और कार्यकुशलता सिद्ध की है। डॉ. सक्सेना ने यह भी कहा कि राजनीतिक एवं सार्वजनिक जीवन में कायस्थ समाज को उचित अवसर और प्रतिनिधित्व मिलना ही चाहिए। उन्होंने कहा कि समाज की प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए वह अपने स्तर से हरसंभव सहयोग और प्रयास करेंगे। कार्यक्रम का संचालन कायस्थ महासभा के जिला संरक्षक नागेंद्र श्रीवास्तव ने किया। इस अवसर पर डॉ. आर. बी. श्रीवास्तव, आईटीआई के पूर्व डीजीएम अरविंद कुमार श्रीवास्तव, डॉ. चम्पा श्रीवास्तव, कायस्थ महासभा के नगर संरक्षक रमेश चंद्र श्रीवास्तव, सौरभ श्रीवास्तव, ग्राम प्रधान अमित श्रीवास्तव, वरिष्ठ अधिवक्ता कमलेश चंद्र श्रीवास्तव, देवेंद्र श्रीवास्तव, पवन श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में कायस्थ समाज के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान हाल ही में सेंट्रल बार एसोसिएशन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष निर्वाचित हुए अनूप श्रीवास्तव, भाजपा के जिला मंत्री बनाए गए इंद्रप्रकाश श्रीवास्तव तथा चिकित्सा क्षेत्र में उल्लेखनीय सेवाएं देने वाले संतोष श्रीवास्तव को सम्मानित किया गया। इस मौके पर वरिष्ठ अधिवक्ता पदम श्रीवास्तव, जेसीआई के पूर्व मंडल अध्यक्ष प्रभात श्रीवास्तव, राम प्रकाश श्रीवास्तव, के.के. श्रीवास्तव, जे.पी.एस. पब्लिक स्कूल के प्रबंधक अजीत श्रीवास्तव, दिनेश श्रीवास्तव, प्रमोद श्रीवास्तव, रवींद्रनाथ हरि, शरद श्रीवास्तव, विजय श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में कायस्थ समाज के लोग मौजूद रहे।






















