यूपी के रायबरेली में बछरावां क्षेत्र के हसनपुर गांव निवासी विद्यावती (48) की बुधवार सुबह डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। आपसी विवाद में पति रामनाथ ने वारदात को अंजाम दिया। पति इस कदर विद्यावती से खफा था कि उसने करीब शरीर पर डंडे से 10 बार वार किए। इससे विद्यावती का सिर फट गया था। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर वारदात की जांच की। मृतका के भाई सरवन की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ हत्या की एफआईआर दर्ज करके उसे गिरफ्तार कर लिया है। विद्यावती का मायका बलईमऊ गांव था। पति से आपसी विवाद होने के चलते करीब पांच साल से विद्यावती हसनपुर गांव में अलग घर में दो बेटों रामबहादुर, भैयालाल व बेटियों के साथ रहती थीं। पति भी पड़ोस में अलग घर पर रहता था। बेटों की शादी भी हो चुकी है। सुबह करीब 7.30 बजे विद्यावती नित्यक्रिया के लिए खेत की तरफ जा रही थीं। इसी दौरान रामनाथ ने अचानक विद्यावती पर डंडे से हमला बोल दिया।






















