लखनऊ, प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक होमगार्ड ने कृष्णा नगर क्षेत्र में स्थित अपने घर पर पत्नी और बेटी की कथित तौर पर गला घोंटकर हत्या कर दी। पुलिस ने बताया कि आरोपी रविंद्र शंकर (56) को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस ने एक बयान में कहा कि शुक्रवार सुबह करीब छह बजे आपातकालीन सेवा डायल-112 के माध्यम से एक महिला और उसकी बेटी की हत्या किए जाने की सूचना मिली थी। उसने बताया कि मृतकों की पहचान होमगार्ड की पत्नी श्यामा दुलारी (50) और बेटी पूजा साहू (32) के रूप में हुई।
बयान के अनुसार, शंकर लखनऊ जिले में होमगार्ड के रूप में तैनात है और प्रारंभिक जांच से संकेत मिला है कि उसका अपनी पत्नी के साथ अक्सर विवाद होता था,साथ ही उसकी बेटी का दो बार तलाक हो चुका था तथा वह अब अपने पिता के साथ ही रह रही थी।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया। पंचनामा की कार्रवाई पूरी होने के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और जांच जारी है।






















