रायबरेली। होमगार्ड परीक्षा के अभ्यर्थियों की भीड़ दूसरे दिन रविवार को भी नजर आई। रोडवेज बसों से ज्यादा ट्रेनों से अभ्यर्थियों ने यात्रा की। यही वजह रही कि रोडवेज बसों से ज्यादा ट्रेनों पर दबाव अधिक रहा। रेलवे स्टेशन पर अभ्यर्थियों की भीड़ के कारण आम यात्रियों को काफी परेशानी हुई।छुट्टी का दिन होने से भले ही नौकरीपेशा लोग नहीं थे, लेकिन परिवार सहित यात्रा करने वाले लोगों की संख्या ज्यादा रही। पहले तो टिकट काउंटरों पर लंबी लाइन लगानी पड़ी, फिर ट्रेनों के आने पर उनमें चढ़ने के लिए मशक्कत करनी पड़ी। तपिश भरी गर्मी के कारण स्टेशन के सभी वाॅटर बूथ पर पानी भरने के लिए लोगों का मजमा लगा रहा। फ्रीजर वाली टोंटियों पर तो लाइन लगानी पड़ी।जिले में होमगार्ड परीक्षा शनिवार को शुरू हुई थी, जो सोमवार तक चलेगी। दूसरे दिन रविवार को भी दो पालियों में परीक्षा कराई गई। दूसरे जिलों से अभ्यर्थी यहां आ रहे हैं, वहीं इस जिले के अभ्यर्थी दूसरे जिलों में जा रहे हैं। ऐसे में अभ्यर्थियों के आने-जाने के साथ लौटने का सिलसिला लगातार चल रहा है। इससे सुबह से देर रात तक अभ्यर्थियों की भीड़ नजर आ रही है। सबसे ज्यादा समस्या दोपहर के समय हुई, जब पहली पाली की परीक्षा छूटने के बाद अभ्यर्थियों का हुजूम उमड़ पड़ा। लखनऊ जाने के लिए दो ट्रेनें दोपहर एक बजे से दो बजे के बीच गुजरती हैं, जिनमें सबसे ज्यादा दिक्कत आई। ट्रेनों के स्टेशन पर रुकते ही अभ्यर्थी टूट पड़े। एसी, स्लीपर या जनरल, कोई भी बोगी सामने दिखी, उसमें ही घुसने के लिए गेट पर भीड़ लग गई। इससे आम यात्रियों को काफी परेशानी हुई। हाथों में फिर कंधों पर बैग रखे आम यात्री बोगी में दाखिल होने के लिए इंतजार करते रहे।





















