बाढ़ और अतिवृष्टि से फसलों को हुए नुकसान की भरपाई के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को गोरखपुर से प्रदेश के 9.18 लाख से अधिक किसानों को बड़ी राहत देंगे। योगिराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री 493 करोड़ रुपये की कृषि निवेश अनुदान राशि किसानों के खातों में भेजेंगे। यह धनराशि डीबीटी के माध्यम से सीधे किसानों के बैंक खातों में पहुंचेगी। मुख्यमंत्री के साथ कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही और अन्य जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहेंगे।प्राकृतिक आपदाओं से फसलों को हुए नुकसान के बाद सरकार ने राहत एवं सहायता की प्रक्रिया तेज की है। राहत आयुक्त कार्यालय के अनुसार चालू वित्तीय वर्ष की शुरुआत से 9 अक्टूबर तक प्रदेश में बाढ़, अतिवृष्टि, चक्रवात और ओलावृष्टि से फसल क्षति वाले 9 लाख 18 हजार 91 किसान चिन्हित किए गए हैं। इन किसानों को कृषि निवेश अनुदान के रूप में 493 करोड़ रुपये की धनराशि उपलब्ध कराई जा रही है।






















