गोरखनाथ मंदिर में शारदीय नवरात्र की नवमी पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधि-विधान से कन्या पूजन किया। इस दौरान उन्होंने 11 कन्याओं और एक बटुक के पांव पखारे, उन्हें चुनरी ओढ़ाई और तिलक लगाकर पूजन किया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने अपने हाथों से कन्याओं को भोजन परोसा और उन्हें प्रेमपूर्वक भोजन कराया।
इस दौरान उन्होंने बच्चियों से बातचीत की, उनका हाल जाना और आशीर्वाद लिया। कन्या पूजन के दौरान मंदिर परिसर में उत्साह और उल्लास का माहौल रहा।
मुख्यमंत्री के सामने बैठकर भोजन करतीं बच्चियों के चेहरों पर खुशी दिखाई दी। कोई पहली बार मुख्यमंत्री को सामने से देखकर उत्साहित थी तो कोई पिछले साल मिले उपहारों को याद कर रही थी।
इसी बीच एक बच्ची अपने हाथों से बनाई मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उनकी मां की तस्वीर लेकर उनके पास पहुंच गई। बच्ची के हाथ में तस्वीर देखकर मुख्यमंत्री ने उसके साथ फोटो खिंचवाई और उसका नाम भी पूछा।कन्या पूजन में शामिल होने पहुंची यशस्विनी अपने हाथों से बनाई तस्वीर लेकर आई थी। तस्वीर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उनकी मां की छवि थी। यशस्विनी ने बताया कि यह पोस्टर उसने खुद बनाया है। उसने कहा कि आज यहां कन्या पूजन हो रहा है। मुख्यमंत्री के पास अपनी बनाई तस्वीर लेकर पहुंचना उसके लिए खास अनुभव रहा।






















