रायबरेली जनपद के गुरबक्शगंज थाना क्षेत्र के भीतरगांव गांव में आवासीय जमीन पर कब्जे को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। गांव निवासी बच्चूलाल सरोज पुत्र छोटेलाल सरोज की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि समाजवादी पार्टी के रायबरेली जिलाध्यक्ष के भाई और भतीजे समेत अन्य लोग आवंटित जमीन पर कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं।
पीड़ित के अनुसार, उन्हें गाटा संख्या 1576 की भूमि आवास हेतु आवंटित की गई थी। आरोप है कि जब वह जमीन पर निर्माण कार्य कराने पहुंचे तो विपक्षी ने काम रुकवा दिया और जमीन पर अपना दावा जताने लगे।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि विरोध करने पर गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी दी गई। साथ ही जमीन पर लगे निशान और वाहन के टायर भी क्षतिग्रस्त किए गए।
इस मामले में गुरबक्शगंज थाने में विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, तहसील प्रशासन द्वारा भी शिकायत पत्र पर रिपोर्ट भेजी गई है, जिसमें भूमि आवंटन और कब्जे के विवाद का उल्लेख किया गया है। अब इस प्रकरण ने राजनीतिक रंग भी ले लिया है, जिससे क्षेत्र में चर्चा तेज हो गई है।।





















