रायबरेली में रक्षाबंधन के दिन हुए एक सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई। यह घटना महराजगंज कोतवाली क्षेत्र के मोन गांव के पास हुई, जहां दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर हो गई थी।
जानकारी के अनुसार, बछरावां थाना क्षेत्र के हसनगंज गांव निवासी कन्हैयालाल (45) अपनी पत्नी सुनीता (42) के साथ शनिवार को कमई विराज गांव स्थित अपनी ससुराल राखी का त्योहार मनाने जा रहे थे।
महराजगंज कोतवाली क्षेत्र के मोन गांव के पास उनकी मोटरसाइकिल की सामने से आ रही पूरे हनुमंत सिंह गांव निवासी शिवकुमार (25) की बाइक से सीधी भिड़ंत हो गई।
इस भीषण हादसे में दोनों बाइकों पर सवार तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। कन्हैयालाल की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
जिला अस्पताल में भी उनकी हालत बिगड़ने पर उन्हें तत्काल लखनऊ ट्रामा सेंटर भेजा गया। रविवार तड़के करीब ढाई बजे इलाज के दौरान कन्हैयालाल ने दम तोड़ दिया।






















