रायबरेली।
डॉ. अमित की गिरफ्तारी से उत्पन्न परिस्थितियों के विरोध में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA), रायबरेली के आह्वान पर जनपद के चिकित्सकों का चरणबद्ध शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन आज भी जारी रहा।
उल्लेखनीय है कि इस प्रकरण के विरोध में कल जनपद के चिकित्सकों ने पूर्ण कार्य बहिष्कार कर अपनी गहरी नाराजगी एवं पीड़ा व्यक्त की थी। उसी क्रम में आज सभी चिकित्सकों ने अपनी-अपनी ओपीडी एवं चिकित्सालयों में नियमित रूप से मरीजों का उपचार किया, किंतु काली पट्टी बांधकर इस घटना के प्रति अपना सांकेतिक एवं शांतिपूर्ण विरोध दर्ज कराया।
चिकित्सकों ने कहा कि यह विरोध किसी व्यक्ति विशेष के विरुद्ध नहीं, बल्कि चिकित्सक समुदाय की गरिमा, सम्मान तथा न्यायपूर्ण एवं निष्पक्ष व्यवहार की अपेक्षा का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि चिकित्सा जैसे संवेदनशील एवं सेवा-प्रधान पेशे से जुड़े व्यक्तियों के साथ होने वाली घटनाएं संपूर्ण चिकित्सा समुदाय को गहराई से उद्वेलित करती हैं।
IMA रायबरेली ने आशा व्यक्त की कि संबंधित प्रकरण में निष्पक्ष, पारदर्शी एवं न्यायोचित प्रक्रिया अपनाई जाएगी, जिससे चिकित्सकों का न्याय व्यवस्था एवं प्रशासनिक तंत्र पर विश्वास और अधिक सुदृढ़ हो सके।
IMA रायबरेली ने यह भी स्पष्ट किया कि चिकित्सकों का सर्वोच्च दायित्व मरीजों की सेवा है। इसी भावना का सम्मान करते हुए आज सभी चिकित्सकों ने चिकित्सा सेवाओं को निर्बाध जारी रखा तथा काली पट्टी धारण कर अपने लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण विरोध का संदेश दिया।






















