ऊंचाहार में शुक्रवार सुबह 7 बजे बिजली की चपेट में आने से दो महिलाओं की मौत हो गई। ये घटनाएं अलग-अलग गांवों में हुईं। सूचना मिलने पर पुलिस सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
पहली घटना कोतवाली क्षेत्र के अली नगर असकरन पुर गांव की है। यहां 37 वर्षीय कल्पना, जो ज्ञान चंद की पत्नी थीं, अपने घर की साफ-सफाई कर रही थीं। इसी दौरान वह एक उतरे हुए फर्राटा पंखे के विद्युत करेंट की चपेट में आ गईं और गंभीर रूप से झुलस गईं।
परिजनों ने कल्पना को तत्काल सीएचसी में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन बिना पुलिस को सूचना दिए ही शव को लेकर घर चले गए।
दूसरी घटना नेवादा गांव में हुई। गांव निवासी लाल जी की 46 वर्षीय पत्नी सुबह अपने खेत की तरफ गई थीं। वहां वह पड़ोसी के खेत में लगी झटका मशीन के करेंट की चपेट में आ गईं।
जानकारी मिलने पर परिजन महिला को अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।






















