लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि कोरोना को परास्त करने के लिए आवश्यक है कि हम एक कदम आगे की रणनीति रखें। इसके लिए जनपद मुख्यालय से लेकर ब्लाॅक स्तर तक कोरोना के नियंत्रण और उपचार की प्रत्येक कड़ी को मजबूत रखा जाए। उन्होंने कहा कि वैश्विक महामारी कोरोना एक नई बीमारी के रूप में दुनिया के सामने आयी है। इसलिए इसे परास्त करने की हमारी रणनीति भी विशेष होनी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने सोमवार को अपने सरकारी आवास पर एक उच्चस्तरीय बैठक में कहा कि प्रदेश सरकार कोरोना के दृष्टिगत सभी व्यवस्थाएं कर रही है। उन्होंने प्रत्येक जनपद में स्वास्थ्य विभाग के नोडल अधिकारी को कोविड चिकित्सालयों की व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने बढ़ते संक्रमण के मद्देनजर जनपद लखनऊ और कानपुर नगर पर विशेष ध्यान देते हुए चिकित्सा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि इस सम्बन्ध में जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग द्वारा प्रभावी और कारगर रणनीति बनाते हुए उसे लागू किया जाए। स्वास्थ्य विभाग तथा चिकित्सा शिक्षा विभाग द्वारा प्रत्येक स्तर पर माॅनिटरिंग करते हुए रिकवरी दर को बेहतर बनाया जाए।
उन्होंने सभी सरकारी और निजी अस्पतालों में ऑक्सीजन की पर्याप्त उपलब्धता और बैकअप की व्यवस्था हर हाल में सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि ऑक्सीजन की आपूर्ति किसी भी दशा में बाधित न होने पाए। उन्होंने ऑक्सीजन की काला बाजारी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई किए जाने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री मेडिकल टेस्टिंग, डोर-टू-डोर सर्वे तथा काॅन्टैक्ट ट्रेसिंग को पूरी सक्रियता से संचालित करने पर बल देते हुए कहा कि कोरोना के नियंत्रण में इनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि काॅन्टैक्ट ट्रेसिंग का कार्य प्रभावी ढंग से संचालित करते हुए ट्रेसिंग के दायरे में आने वाले सभी लोगों की मेडिकल टेस्टिंग की जाए।


















