रायबरेली। सरेनी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत भोजपुर कस्बे में 23 अक्टूबर 2026 को श्री फाउंडेशन के तत्वावधान में विशाल निःशुल्क नेत्र शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 500 से अधिक लोगों का नेत्र परीक्षण किया गया। इनमें 300 लोगों को तत्काल चश्मे वितरित किए गए, जबकि जरूरतमंद मरीजों को आई ड्रॉप एवं आवश्यक दवाएं भी निःशुल्क उपलब्ध कराई गईं। इसके अलावा 65 मरीजों को ऑपरेशन के लिए चिह्नित किया गया, जिनका ऑपरेशन साईं आई हॉस्पिटल के सर्जन डॉ. आलोक तिवारी द्वारा किया जाएगा।
शिविर का उद्घाटन श्री फाउंडेशन की उपाध्यक्ष एवं सरेनी विधानसभा की पूर्व प्रत्याशी सुधा द्विवेदी ने फीता काटकर किया। शिविर में पहुंचे लोगों को नेत्र संबंधी समस्याओं की जांच के साथ चश्मा, दवा और अन्य आवश्यक सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई गईं। इस पहल से क्षेत्र के जरूरतमंद लोगों को काफी राहत मिली।
इस अवसर पर सुधा द्विवेदी ने कहा कि श्री फाउंडेशन पिछले 30 वर्षों से लगातार जनसेवा के कार्यों में जुटा हुआ है। लोगों की सेवा करना फाउंडेशन का हमेशा से प्रमुख उद्देश्य रहा है। नेत्र शिविर और स्वास्थ्य शिविरों के माध्यम से जरूरतमंदों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास निरंतर किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि समाज के गरीब एवं जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना उनके लिए सौभाग्य की बात है। आने वाले समय में सरेनी विधानसभा क्षेत्र के सभी ब्लॉकों में कई और नेत्र शिविर आयोजित किए जाएंगे, ताकि हजारों लोगों को इसका लाभ मिल सके।
सुधा द्विवेदी ने कहा कि श्री फाउंडेशन का जनसेवा अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। संस्था का प्रयास है कि आर्थिक अभाव के कारण कोई भी व्यक्ति बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं से वंचित न रहे और जरूरतमंदों को समय पर उपचार मिल सके।


















