पुलिस स्मृति दिवस-2026 पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ पुलिस लाइन में कर्तव्य निभाते हुए बलिदान देने वाले पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने शहीद जवानों के परिजनों से मुलाकात कर उनका हाल जाना और उन्हें सम्मानित किया। परिजनों ने अपनी समस्याएं और मांगें भी मुख्यमंत्री के सामने रखीं। इस पर उन्होंने हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।
शहीद उपनिरीक्षक प्रदीप कुमार की पत्नी मयूरी वर्मा ने बताया कि उनके पति जालौन में तैनात थे। वर्ष 2026 में ड्यूटी के दौरान सड़क दुर्घटना में उनकी मृत्यु हो गई थी। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन की ओर से परिवार को लगातार सहयोग मिला है। मयूरी वर्मा के मुताबिक, मुख्यमंत्री ने मुलाकात के दौरान भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी किसी परेशानी की स्थिति में परिवार की मदद की जाएगी। उन्होंने बताया कि उनकी पेंशन शुरू हो चुकी है, नौकरी के लिए आवेदन किया गया है और सहायता राशि भी मिल गई है।शहीद रोहित यादव की पत्नी निशा यादव ने भी मुख्यमंत्री से मुलाकात का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने परिवार की बात सुनी और सम्मान दिया। रोहित यादव की मृत्यु एक कंपनी में आग लगने की घटना के दौरान हुई थी।


















