परशदेपुर चौकी क्षेत्र में पावर हाउस के पास पद्मनपुर बिजौली मोड़ पर गुरुवार को एक सड़क हादसा हो गया। एक चार पहिया वाहन मोटरसाइकिल सवार युवक को बचाने के चक्कर में बेकाबू होकर करीब 10 से 15 फीट गहरी खंती में जा गिरा। इस घटना में कार में सवार सभी छह लोग सुरक्षित बताए जा रहे हैं, जबकि मोटरसाइकिल सवार युवक को चोटें आई हैं।
मिली जानकारी के मुताबिक, रायबरेली के गोरा बाजार के रहने वाले छह लोग चार पहिया वाहन से रायबरेली से परशदेपुर दावा के लिए जा रहे थे।
इसी बीच पद्मनपुर बिजौली मोड़ के पास पद्मनपुर बिजौली में दूध देकर लौट रहे मोटरसाइकिल सवार युवक की बाइक कार से टकरा गई। बाइक सवार को बचाने की कोशिश में चालक कार पर से नियंत्रण खो बैठा और गाड़ी सड़क किनारे करीब 10 से 15 फीट गहरी खंती में गिर गई।
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। कार में सवार सभी छह लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। वहीं, मोटरसाइकिल सवार युवक को चोट लगने पर इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया। मोटरसाइकिल सवार युवक गोपालपुर मजरे शिवपुर का रहने वाला बताया जा रहा है। हादसे की खबर मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली।






















