रायबरेली सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ कथित रूप से अमर्यादित भाषा के इस्तेमाल को लेकर शुक्रवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी कार्यालय परिसर में धरना-प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भाजपा जिलाध्यक्ष बुद्धिलाल पासी के बयान का विरोध करते हुए जिला प्रशासन से संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की।
कांग्रेस नेता सुशील पासी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता दोपहर करीब एक बजे जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने धरना दिया और नारेबाजी करते हुए प्रशासन से मामले में हस्तक्षेप की मांग की।
धरने को संबोधित करते हुए सुशील पासी ने राज्य और केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार युवाओं को रोजगार देने के अपने वादे पूरे करने में विफल रही है। उनका आरोप था कि सरकार जनहित के मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए समाज में जाति और धर्म के आधार पर विभाजन की राजनीति कर रही है।कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि एक दिन पहले भाजपा के धरना-प्रदर्शन के दौरान, उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री दिनेश प्रताप सिंह की मौजूदगी में रायबरेली सांसद राहुल गांधी के खिलाफ कथित तौर पर अभद्र और आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया। कांग्रेस का कहना है कि सार्वजनिक मंच से इस तरह की भाषा का प्रयोग लोकतांत्रिक मर्यादाओं के खिलाफ है।






















