यूपी के रायबरेली में सोमवार सुबह स्कूली बच्चों को लेकर जा रहे दो वाहनों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में पांच बच्चे घायल हो गए। एक स्कूल वाहन का चालक भी चोटिल हुआ है। टक्कर इतनी तेज थी कि स्कूल वैन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया।
सत्यनारायणी स्कूल की बस और लियो कॉन्वेंट स्कूल के बच्चों को लेकर जा रही मैजिक वैन की गांव उतरपारा के पास टक्कर हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोनों वाहन रोज की तरह बच्चों को लेकर स्कूल जा रहे थे। हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना देते हुए घायलों को बाहर निकालने में मदद की।
भदोखर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बेला भेला भेजा गया। डॉक्टरों ने सभी बच्चों का प्राथमिक उपचार किया। इनमें से एक बच्चे की हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया, जबकि अन्य बच्चों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
घायल बच्चों में तीन सत्यनारायणी स्कूल और दो लियो कॉन्वेंट स्कूल के छात्र बताए जा रहे हैं। हादसे की सूचना मिलते ही परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। बच्चों की चोटों की जानकारी लेने के लिए अस्पताल में काफी देर तक लोगों की भीड़ लगी रही। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना तेज रफ्तार, लापरवाही या किसी अन्य वजह से हुई, इसका पता जांच के बाद ही चल सकेगा।






















