अभी मैं देख रहा था, दो बच्चों का अन्नप्राशन कराना था। एक बच्चा रो रहा था। जब वह बच्चा मेरे पास आया, तो उसने रोना बंद कर दिया। साक्षी जी ने कहा ये तो रोना बंद कर दिया। मैंने कहा बच्चे ईश्वर का रूप हैं, इन्हें पता है कि हम आ गए हैं तो इनका भविष्य सुरक्षित है।’ यह बात आज उन्नाव में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक कार्यक्रम में कही। वे उन्नाव जनपद में 570 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली 101 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समारोह में कहा, ‘जो कार्य डबल इंजन की सरकार कर रही है, यह कार्य कांग्रेस, समाजवादी पार्टी की सरकारों को करने से किसने रोका था? लेकिन उनमें क्षमता नहीं थी, भ्रष्ट थे, अपने परिवार के बारे में सिर्फ सोचते थे। उनके लिए गरीब केवल 2 परिवार थे, कांग्रेस के लिए नेहरू-गांधी परिवार और समाजवादी पार्टी के लिए सैफई परिवार। इससे बाहर वे सोच ही नहीं सकते थे। अगर गरीब या राजनीतिक दल आवाज उठाता था, तो न केवल उनकी आवाज बंद करते थे, बल्कि व्यापारियों का अपहरण करके तांडव भी करते थे।’






















