मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अपने 34 वर्ष की शानदार यात्रा के दौरान टाटा मोटर्स के लखनऊ प्लांट से 10 लाखवें वाहन को लांच किया गया। 10 लाखवें वाहन की लॉन्चिंग केवल एक प्लांट के उत्पादन की ही उपलब्धि नहीं है बल्कि सप्लाई के लिए यूपी के ग्लोबल हब बनने का सूचक है। यह उड़ान रुकने के लिए नहीं है बल्कि आसमान की ऊंचाइयों तक पहुंचने के लिए है। मुख्यमंत्री योगी बुधवार को टाटा संस के 10 लाखवें वाहन को लॉन्च करने के बाद कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।कहा कि उत्तर प्रदेश में 25 करोड़ की आबादी और 56 फीसदी वर्कफोर्स है। इसका प्रभाव कागजों से बाहर आकर जमीन पर भी देखने को मिल रहा है। टाटा मोटर्स में बनने वाली बसों में हमने बचपन से यात्राएं की हैं। लोगों ने टाटा का मतलब ट्रस्ट के साथ जोड़ा है। सुई से लेकर हवाई जहाज तक हर क्षेत्र में टाटा समूह भारत को सशक्त बनाने के अभियान में लगातार आगे बढ़ रहा है। टाटा का निवेश केवल उत्तर प्रदेश तक सीमित नहीं है बल्कि उत्तर प्रदेश को एक नई ऊंचाई तक पहुंचाने का समझौता है।



















