भारतीय जनता पार्टी लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ अभियान के तहत प्रदेशभर में पदयात्रा निकालेगी। मंगलवार को लखनऊ में दोपहर 12 बजे लोकभवन से परिवर्तन चौक के बीच निकलने वाली पदयात्रा का नेतृत्व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान करेंगे।
इस अभियान के बहाने पार्टी कांग्रेस एवं विपक्षी दलों पर अराजकता का आरोप लगाकर कई मुद्दों पर घेरेगी।
प्रदेश महामंत्री एवं अभियान के प्रभारी दिलीप पटेल ने बताया कि मंगलवार को लखनऊ में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक तथा प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह पदयात्रा का नेतृत्व करेंगे।इसी दिन बरेली में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा रसायन एवं उर्वरक मंत्री जेपी नड्डा, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी के नेतृत्व में निकलने वाली पदयात्रा के माध्यम से भाजपा विपक्ष के झूठे राजनैतिक ऐजेंडे और दोहरे मापदंड को जनता के बीच पहुंचकर उजागर करेगी।चार नवम्बर को गोरखपुर में राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं पंकज चौधरी के नेतृत्व में भाजपा लोकतंत्र को बचाने और अराजकता को मिटाने का संकल्प लेकर पदयात्रा निकालेगी।



















