अयोध्या का दीपोत्सव केवल धार्मिक आस्था का आयोजन नहीं, बल्कि स्थानीय लोगों की आजीविका से भी जुड़ रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि दीपोत्सव का हर दीप किसी कुम्हार के श्रम, किसान की उपज और परिवार की रोजी-रोटी को नई रोशनी दे रहा है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार ने अयोध्या की सांस्कृतिक संभावनाओं को स्थानीय कारीगरों, किसानों और छोटे व्यापारियों की समृद्धि से जोड़ने का काम किया है।
मुख्यमंत्री ने अपनी पोस्ट में कहा कि वर्ष 2017 से पहले रामनगरी की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक संभावनाओं को स्थानीय लोगों की आर्थिक तरक्की से जोड़ने की पहल नहीं हुई थी। उनके मुताबिक, तब आस्था के सामर्थ्य को आजीविका के नए अवसरों में बदलने की सोच का अभाव था।
’ योगी ने कहा कि डबल इंजन सरकार ने इस स्थिति को बदला है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में लाखों दीपों से जगमगाने वाला दीपोत्सव अब कुम्हारों, श्रमिकों और छोटे व्यापारियों के लिए काम और कारोबार के नए अवसर भी पैदा कर रहा है।


















