मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को लखनऊ में आयोजित भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में कार्यकर्ताओं से आगामी राजनीतिक चुनौतियों के मद्देनजर पूरी सक्रियता के साथ जुटने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि जाति के नाम पर समाज को बांटने वाले लोगों से सतर्क रहना होगा. विखंडन करने वाले लोग बांटने में विश्वास करते हैं और बांटने के कारण ही काटने में सफल होते हैं. इसलिए हमें इस बात को ध्यान में रखना होगा कि बटेंगे नहीं तो कटेंगे भी नहीं.
मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं से सरकार की उपलब्धियों को बूथ स्तर तक पहुंचाने, सोशल मीडिया पर सकारात्मक नैरेटिव बनाने, मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) में छूटे मतदाताओं के नाम जुड़वाने और समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचने की अपील की.



















