मशहूर कॉमेडियन और एक्टर जसविंदर भल्ला का 65 साल की उम्र में निधन हो गया। एक्टर को अपनी कॉमिक टाइमिंग और आईकॉनिक कैरेक्टर्स के लिए याद किया जाता है। खबरों के अनुसार वह मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में भर्ती थे।उनके फैंस और कई को-स्टार्स इस बात को लेकर चिंतित थे कि एक्टर के निधन का कारण क्या है। एक तरफ जहां अभी तक इस बारें में कोई खास जानकारी नहीं थी वहीं बीबीसी पंजाबी की एक रिपोर्ट के अनुसार जसविंदर को ब्रेन स्ट्रोक आया था जिसके बाद 20 अगस्त को उन्हें मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टर्स ने खुलासा किया कि उनके शरीर से काफी ज्यादा ब्लड लॉस हो चुका है।अभिनेता के निधन ने इंडस्ट्री को स्तब्ध कर दिया है। सोशल मीडिया पर शोक संदेशों की बाढ़ आ गई है। पंजाबी फिल्म इंडस्ट्री के उनके सहयोगियों, जिन्होंने उनके साथ कैरी ऑन जट्टा, जट्ट एंड जूलियट और मिस्टर एंड मिसेज 420 जैसी सुपरहिट फिल्मों में काम किया था ने उन्हें कॉमेडी और सिनेमा का एक सच्चा दिग्गज बताया।जसविंदर भल्ला का जन्म 1960 में हुआ था। वह 65 साल के थे। उनके परिवार में उनकी पत्नी परमदीप भल्ला, उनके बेटे, अभिनेता पुखराज भल्ला और नॉर्वे में रहने वाली उनकी बेटी अशप्रीत कौर हैं। उनके अंतिम क्षणों में उनके परिवार के सदस्य उनके साथ थे। लाखों लोगों के बीच भल्ला के नाम से मशहूर, बेजोड़ हास्य के धनी पंजाबी अभिनेता फिल्मों में आने से पहले अपनी छनकटा कॉमेडी सीरीज के जरिए घर-घर में मशहूर हो गए थे। कैरी ऑन जट्टा में उनका एडवोकेट ढिल्लों का किरदार पंजाबी सिनेमा की सबसे लोकप्रिय भूमिकाओं में से एक है।




















