डलमऊ और सरेनी क्षेत्र में नरौरा बांध से छोड़े गए पानी ने स्थिति चिंताजनक कर दी है। गंगा का जलस्तर 98.920 मीटर पर पहुंच गया है। खतरे का निशान 99.360 मीटर है। जलस्तर हर पांच घंटे में एक सेंटीमीटर की दर से बढ़ रहा है।
डलमऊ के सात और सरेनी के दो गांवों में बाढ़ का पानी घुस गया है। मोहद्दीनपुर प्राथमिक स्कूल तक पानी पहुंच चुका है। प्रभावित गांवों में पूरे रेवती सिंह, अंबहा, बबुरा, पूरे घसुआ, जमाल नगर मोहद्दीनपुर, जहांगीराबाद, पूरे पवारन और सरेनी के कुटिया एहतमाली तथा पूरे भुल्ली शामिल हैं।
स्थानीय किसानों के अनुसार करीब एक हजार बीघे में लगी धान, उड़द और अन्य फसलें जलमग्न हो गई हैं। पूरे भुल्ली गांव का निचला हिस्सा पूरी तरह से पानी में डूब गया है। पूरे सुकरू से निसगर जाने वाले मार्ग पर कमर से ऊपर तक पानी भर जाने के कारण आवागमन बंद है।
एसडीएम लालगंज मिथलेश त्रिपाठी ने कुटिया एहतमाली गांव का निरीक्षण किया। बाढ़ चौकी के कर्मचारियों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं। एसडीएम सतेंद्र कुमार सिंह ने लेखपालों को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की निगरानी के लिए तैनात किया है।




















