दुकान बंद कर घर जा रहे व्यापारी की फंटी से पीटकर हत्या कर दी गई। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को युवक का शव नहीं उठाने दिया, जिसको लेकर पुलिस व परिजनों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। मौके पर पहुंचे अधिकारी आक्रोशित परिजन व ग्रामीणों को समझाने का प्रयास करते रहे।जानकारी के मुताबिक, लालगंज के बिशुनपुर निवासी मंदीप कुमार क्षेत्र के महरानीगंज बाजार में लंबे समय से मोबाइल की दुकान चलाते थे। रविवार की देर शाम वह दुकान बंद कर घर के लिए निकले, लेकिन रात करीब पौने नौ बजे उनका शव सेमरी चौराहा के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक ढाबा के निकट सड़क किनारे पड़ा मिला।बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्रित हो गए। मृतक के पिता जयशंकर का आरोप है कि उनके बेटे को गाड़ी रोककर मारा गया है। पास में ही उसकी बाइक व लकड़ी की फंटी के टुकड़े पड़े मिले। साथ ही मृतक के सिर पर गहरे चोट के निशान देख परिजन आक्रोशित हो गए और प्रदर्शन करने लगे। मौजूद पुलिसकर्मियों ने परिवारजन को समझाने का प्रयास किया, लेकिन बात नहीं बनी। मौके पर खीरों के साथ ही लालगंज थाने की फाेर्स को भी बुलाया गया।




















