रायबरेली। ऊंचाहार एनटीपीसी से संबद्ध ठेकेदार के मकान को बुधवार रात चोरों ने निशाना बनाया। घर का ताला तोड़कर चोर लाखों के जेवरात व लाइसेंसी रिवाॅल्वर ले उड़े। वारदात के समय घर में कोई नहीं था, परिवार के सभी लोग लखनऊ गए हुए थे। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।ऊंचाहार के अलीगंज मोहल्ला निवासी सहदेव ठाकुर एनटीपीसी व रिलायंस कंपनी में ठेकेदारी करते हैं। वह अपनी पत्नी अनीता के साथ मोहल्ले में बने मकान में रहते हैं। उनका बेटा सुधीर व बहू विभूतिखंड लखनऊ स्थित मकान में रहते हैं। वहीं, छोटी बेटी सोनाली दिल्ली में पढ़ाई करती है।सहदेव 22 जुलाई को पत्नी के साथ बहू-बेटे के घर लखनऊ गए थे। बुधवार की रात चोरों ने घटना को अंजाम दिया। आशंका जताई जा रही है कि चोर घर की बाउंड्रीवॉल को लांघकर अंदर कूदे और घर के मुख्य दरवाजे की कुंडी काटकर घर में घुस गए। चोरों ने तीन कमरों का ताला तोड़ने के साथ आलमारी के लॉकर को भी तोड़ा। इसके बाद जेवरात व लाइसेंसी रिवाल्वर पर हाथ साफ कर दिया। बृहस्पतिवार की दोपहर बाद ठेकेदार पत्नी के साथ घर वापस लौटे तो घर की कुंडी टूटी देख सन्न रह गए। अंदर पहुंचे तो कमरों के ताले टूटे हुए थे और अलमारी से सामान गायब था। उन्होंने सूचना पुलिस को दी। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच की। सीओ अरुण कुमार नौहवार ने बताया कि छानबीन की जा रही है।शातिरों ने नहीं छोड़ा कोई सुबूत चोरी की घटना में शातिर लोगों का हाथ बताया जा रहा है। असल में चोरी का कोई सुबूत न मिले, इस कारण चोर सीसीटीवी की डीवीआर भी साथ ले गए। चोरों ने जिस तरह घटना को अंजाम दिया है, उससे किसी परिचित के शामिल होने की आंशका पुलिस जता रही है। पुलिस सभी बिंदुओं को खंगाल रही है।




















