गोरखपुर। शाहपुर के पादरी बाजार निवासी रिटायर्ड एयरफोर्सकर्मी एवं हाॅस्पिटल संचालक अशोक जायसवाल का अपहरण कर फिरौती मांगने वाला 50 हजार का मास्टरमाइंड कमालुद्दीन उर्फ कमालू ने मंगलवार को रायबरेली सीजेएम कोर्ट में वाहन चोरी के एक मामले में सरेंडर कर दिया। वारदात के बाद से कमालुद्दीन अपने तीन अन्य साथियों के साथ फरार चल रहा था।
शुक्रवार सुबह रेलवे स्टेडियम जाते समय कौवाबाग अंडरपास से कार सवार बदमाशों ने अशोक का अपहरण कर उनकी पत्नी डाॅ. सुषमा जायसवाल के मोबाइल पर फिरौती की मांग की थी। मामले की जांच में जुटी पुलिस ने 15 घंटे में ही अशोक को खोजकर बेलघाट निवासी करुणेश दुबे, सिकरीगंज निवासी श्याम सुन्दर उर्फ गुड्डू यादव व बकुसड़ निवासी जनार्दन गौड़ को गिरफ्तार कर लिया था। हालांकि मास्टरमाइंड कमालुद्दीन समेत तीन बदमाश भाग निकले थे। सोमवार को फरार कमालुद्दीन की गिरफ्तारी के लिए एसएसपी राज करन नय्यर ने 50 हजार रुपये का इनाम रखा था। शाहपुर थाने की पुलिस के साथ ही एसटीएफ ने भी कमालुद्दीन की तलाश शुरू की थी। पुलिस का दवाब पड़ते ही कमालुद्दीन ने मंगलवार दोपहर चकमा देकर रायबरेली के सीजेएम कोर्ट में वाहन चोरी के पुराने मामले में सरेंडर कर दिया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया। अब इस मामले में तीन अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं।




















