उत्तर प्रदेश में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और भविष्य की योजनाओं को धरातल पर लाने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लगातार एक्शन मोड में हैं. जिसको लेकर आज मंगलवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रयागराज के सर्किट हाउस में विंध्याचल और प्रयागराज मंडल की विकास योजनाओं को लेकर समीक्षा बैठक की. इस बैठक में खासतौर पर लोक निर्माण विभाग (PWD) के अंतर्गत चल रहे और प्रस्तावित विकास कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई. बैठक के दौरान कई अहम फैसले लिए गए जिनका सीधा असर इलाके के आधारभूत ढांचे और सड़क व्यवस्था पर होगा. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समीक्षा के दौरान लोक निर्माण विभाग की एक किलोमीटर से ज्यादा लंबी सड़कों की कार्य योजना पर विशेष ध्यान दिया. बैठक में एमडीआर (मेजर डिस्ट्रिक्ट रोड), ओडीआर (अन्य जिला मार्ग), लिंक रोड, धर्म मार्ग और स्टेट हाइवे जैसे मार्गों पर भी विस्तार से चर्चा की गई. इन सभी सड़कों के निर्माण और मरम्मत के लिए प्रस्तावित योजनाओं का आकलन किया गया.




















