रायबरेली विकास प्राधिकरण (आरडीए) के अवर अभियंताओं की टीम ने बुधवार को तीन और अवैध निर्माणों को सील कर दिया। भवनों के मालिकों ने विरोध करने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस के पहुंचने के बाद विरोध करने वाले लौट गए। सील किए गए तीनों भवनों को शहर कोतवाली की अभिरक्षा में दिया गया है।आरडीए के अधिशासी अभियंता एम. अहमद ने बताया कि अवर अभियंताओं की टीम के निरीक्षण में जेल रोड स्थित मोदी पब्लिक स्कूल के बगल में रामसागर सिंह, बंधरोड नदीतीर में रिजवी खातून और परशदेपुर रोड स्थित किशुनपुर में प्रहलाद वर्मा के निर्माण पकड़ में आए थे। निर्माणाधीन भवनों का चालान करके बिल्डरों को नोटिस देकर जवाब मांगा गया था। बिना आदेश निर्माण न कराने के आदेश दिए गए थे। रोक के बाद भी मनमाने तरीके से काम को जारी रखा गया। बुधवार को सचिव व एडीएम वित्त एवं राजस्व अमृता सिंह के आदेश पर अवर अभियंता शिवओम त्यागी आदि की टीम ने सम्राट नगर पहुंचकर तीनों निर्माणाधीन भवनों को सील कर दिया। सील भवनों को कोतवाली पुलिस की अभिरक्षा में दिया गया है। उन्होंने बताया कि सील जोड़कर दोबारा निर्माण शुरू करने पर मुकदमा किया जाएगा। कई और अवैध भवनों को सील करने की प्रक्रिया चल रही है।




















