मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बृहस्पतिवार को श्रीकाशी विश्वनाथ और बाबा कालभैरव के दर्शन करेंगे। इसके बाद वह कुछ निर्माणाधीन परियोजनाओं का निरीक्षण करेंगे और अफसरों के साथ बैठक करेंगे। सावन में कांवड़ियों, शिवभक्तों के लिए की गईं तैयारियों को देखेंगे। वह सारनाथ केंद्रीय उच्च तिब्बती शिक्षा संस्थान में भी जा सकते हैं।इसके अलावा शुक्रवार को वसंता कॉलेज में बिरसा मुंडा और जनजातीय समूह से जुड़े कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। जेल रोड पर बने संगीत पथ का भी निरीक्षण करेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दर्शन के बाद शिवभक्तों के दर्शन के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे और उसके बाद वह किसी एक निर्माणाधीन परियोजना का निरीक्षण करेंगे। इसके बाद अफसरों के साथ बैठक करेंगे। मुख्यमंत्री के आने से पहले बुधवार को सचिव विवेक अग्रवाल, बौद्ध तिब्बती संस्थान के संयुक्त सचिव समर नंदा, भारतीय पुरातत्व विभाग के महानिदेशक यदुवीर सिंह रावत सहित सात सदस्यीय दल दोपहर को सारनाथ संग्रहालय पहुंचे। उन्होंने मुख्य हॉल में रखे राष्ट्रीय चिह्न शीर्ष सिंह सहित अन्य मूर्तियों का अवलोकन किया।




















