लखनऊ (एजेंसी)। लखनऊ के अवध शिल्प ग्राम में तीन दिवसीय आम महोत्सव का शुभारंभ आज से हो गया है। शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महोत्सव का शुभारंभ किया। इस महोत्सव में आम की 800 प्रजातियों को देखने और चखने का अवसर लोगों को मिलेगा। इस मौके पर सीएम योगी ने हरी झंडी दिखाकर आम के कंटेनर लंदन और दुबई के लिए रवाना किये।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विजन के अनुरूप हमारा किसान आज कृषि की उन्नत तकनीकों को अपना कर लाभ कमा रहा है। आम महोत्सव सिर्फ महोत्सव नहीं है। यह तकनीक के विकास का माध्यम बन रहा है। डबल इंजन की सरकार ने चार पैक हाउस बनाए हैं। इससे निर्यात बढ़ रहा है। औद्यानिक फसलों से जुड़े बागवान को एक्सपोर्ट के लिए प्रशिक्षित करते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश का आम विदेश भेजा जा रहा है। भविष्य में इसकी संख्या बढ़ाई जाएगी। उत्तर प्रदेश में 25 से 30 फीसदी जीडीपी कृषि की है। इसे बढ़ा रहे हैं। विकसित भारत की संकल्पना आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड में जल परियोजनाएं आईं। जल की समस्या का समाधान हुआ है। वहां पैदावार बढ़ी है। बहुफसली खेती हो रही है।
लखनऊ में सीएम योगी ने 3 दिवसीय आम महोत्सव की शुरुआत की। सीएम ने किसानों से आमों की खासियत जानी। हाथ में लेकर आमों को उछाला, फिर उनका वजन पूछा। इसी बीच सीएम ने एक आम उठाया। जिस पर योगी आम लिखा था। यह देखकर मुस्कुराने लगे। आम को हाथ में लेकर फोटो भी खिंचवाई।
इसके बाद सीएम योगी ने प्रगतिशील आम उत्पादकों को सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने मंत्री दिनेश प्रताप सिंह से मुस्कराते हुए कहा – दिनेश प्रताप सिंह ने सबसे पहले रायबरेली के किसान को सम्मानित कराया। दिनेश सिंह रायबरेली का खास ख्याल रखते हैं। ीएम थोड़ी देर में प्रदेश में उत्पादित आमों को लंदन, दुबई जैसे अंतरराष्ट्रीय बाजारों में निर्यात के लिए रवाना करेंगे। इससे पहले सीएम ने आम स्मारिका का विमोचन किया। अवध शिल्पग्राम में यूपी समेत कई राज्यों के किसानों ने आम की प्रदर्शनी लगाई है। 800 किस्मों के विशेष आम पेश किए गए हैं। इस दौरान आम खाने की प्रतियोगिता भी कराई जाएगी।
इस मौके पर उद्यान मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि हमें आम प्रसंस्करण की यूनिट बढ़ाने की जरूरत है जिससे कि पूरे साल प्रदेश के लोगों को आम मिल सके। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में 61 लाख मीट्रिक टन आम का उत्पादन हो रहा है। प्रदेश के सभी जिलों की जलवायु के अनुसार वहां आम की पौध उपलब्ध कराई जा रही है जिससे हर जिले में उत्पादक बनें। इसके लिए 28 करोड़ पौधे नर्सरी से बंटवाए गए हैं। इस मौके पर रायबरेली के जिलाध्यक्ष बुद्धीलाल पासी, अभिषेक वर्मा, शिव कुमार सिंह सहित तमाम गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
प्रदेश में कृषि और उद्यान के लिए क्षेत्रफल लगातार घट रहा है इसलिए उद्यान विभाग की कोशिश है कि ऐसी फसल उपजाई जाए, जिसमें कम क्षेत्रफल में अधिक मूल्य मिल सके। उन्होंने कहा कि जितने क्षेत्रफल में गेहूं 38000 का होता है उतने क्षेत्रफल में 15 लाख की शिमला मिर्च तैयार होती है।
आम महोत्सव के दौरान सबसे बड़ी उपलब्धि उद्यान मंत्री दिनेश प्रताप सिंह के गृह जनपद रायबरेली की यह रही कि मा.मुख्यमंत्री श्री योगी जी ने रायबरेली के नाम का पहला प्रशस्ति पत्र उद्यान मंत्री दिनेश प्रताप सिंह को सौंपा।




















