गदागंज (रायबरेली)। दीशाहगौरा ब्लाॅक के सरवरिया मजरे पयागपुर की रामरती (70) बुधवार को तीन भैंसों को लेकर गंगा कटरी की ओर गई थीं। उनके साथ गांव कि धनपति व रामसावरी भी अपनी बकरियों को लेकर गईं थी। शाम को मौसम अचानक खराब हो गया। तेज बारिश होने लगी।
भीगने से बचने के लिए रामरती एक पेड़ के नीचे खड़ी हो गई। उसी पेड़ के नीचे 40 बकरियां भी पहुंच गईं। कुछ दूरी पर धनपति व रामसावरी भी खड़ी थीं। तभी तेज आवाज के साथ पेड़ पर बिजली गिर गई। जिसकी चपेट में आने से रामरती व धनपति की 10 व रामसावरी की 30 बकरियों की मौत हो गई। मौके पर पहुंचे मृतका के बेटे नकछेद ने पुलिस को सूचना दी। उप जिलाधिकारी ने फरीद अहमद खान ने बताया कि मामला संज्ञान में है। लेखपाल को जांच करने के लिए भेजा गया है। पीड़ित परिवार की हर संभव मदद की जाएगी।




















