अहमदाबाद। सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से लंदन के गैटविक हवाई अड्डे के लिए उड़ान भरने के कुछ ही मिनटों बाद एयर इंडिया की फ्लाइट AI-171 दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। इस भयावह हादसे में अब तक 297 लोगों की मौत हो चुकी है। इस विमान में सवार 242 में से 241 यात्री और मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल में मौजूद 56 लोग शामिल हैं। टेक-ऑफ के बाद विमान बी.जे. मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल से टकराकर नीचे गिर गया, जिसके बाद उसमें जोरदार विस्फोट हुआ।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए इसे “शब्दों से परे हृदय विदारक” बताया। शुक्रवार 13 जून को पीएम अहमदाबाद के घटनास्थल का दौरा किया। पीएम मोदी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और नागर विमानन मंत्री राम मोहन नायडू से बात की और प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए। वह घायलों से मिलने और स्थिति का जायजा लेने के लिए अहमदाबाद पहुंचे।




















