रायबरेली। भीषण गर्मी से लोग बेहाल हैं। हाल यह है कि न दिन को राहत है और न रात को सुकून की नींद मिल रही है। सोमवार को सुबह से ही तेज धूप रही। धूप निकलने के साथ गर्म हवा भी चलने लगी। सुबह 11 बजे से ही सड़कों पर सन्नाटा रहा। बाजारों में कम लोग दिखे। दोपहर 12 बजे गर्म हवा ने लोगों को परेशान कर दिया। लोग पसीने से तरबतर रहे।इसी तरह ग्रामीण क्षेत्रों के गलियारों में भी लोग नहीं दिखे। लगातार पड़ रही गर्मी से आम जनजीवन प्रभावित हुआ है। लोग सुबह नौ बजे तक बाहर के जरूरी काम निपटा रहे हैं। कार्यालयों में भी लोग गर्मी से परेशान रहे। हर तरफ गर्मी की चर्चा रही। उमस अधिक होने से रात में भी राहत नहीं है। कूलर की हवा भी राहत नहीं दे रही है।हर किसी की निगाह आसमान पर लगी है। लोगों को उम्मीद है कि बारिश जल्दी होगी। मौसम विभाग का मानना है कि अभी मानसून आने में देर है। बीच बीच में हल्की फुहारों और तेज हवा चलने से राहत मिल सकती है। सोमवार को अधिकतम तापमान 42.3 डिग्री रहा तथा न्यूनतम तापमान 28.6 डिग्री रहा।




















