रायबरेली में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और तस्करी पर रोक लगाने के लिए आबकारी विभाग और पुलिस प्रशासन ने अभियान तेज कर दिया है। आबकारी आयुक्त प्रयागराज के निर्देश और जिलाधिकारी रायबरेली के आदेश पर बुधवार को जिले में व्यापक प्रवर्तन अभियान चलाया गया।
जिला आबकारी अधिकारी के नेतृत्व में चलाए गए अभियान में आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-2 रॉबिन आर्य और शिवगढ़ थाना पुलिस की संयुक्त टीम शामिल रही। टीम ने महाराजगंज तहसील के शिवगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम चितवनिया और कोईलीखेड़ा में अवैध कच्ची शराब के अड्डों और संदिग्ध घरों पर छापेमारी की।छापेमारी के दौरान टीम ने कुल 18 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की। मौके पर ही आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं में दो मुकदमे दर्ज किए गए।
आबकारी विभाग के अधिकारियों ने कहा कि जनपद में अवैध शराब के कारोबार को किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून तोड़ने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
प्रशासन की अचानक हुई इस कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया। अधिकारियों ने संकेत दिए हैं कि जिले में ऐसे अभियानों की संख्या आगे और बढ़ाई जाएगी।






















