Contact News Publisher
रायबरेली में कस्बे के ईदगाह के पास खनन कार्य के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। खनन के दौरान खोदे गए गड्ढे में अचानक मिट्टी धंसने से दबकर दो श्रमिकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।बुधवार को सुबह कस्बे के वार्ड नंबर तीन, मोहल्ला पुरानी कोठी निवासी श्रमिक ब्रजेश कुमार कोरी , इरफान, ब्रजलाल और रोहित ईदगाह के पास एक व्यक्ति की निजी जमीन पर फावड़े से मिट्टी खोदकर ट्रैक्टर-ट्रॉली में भर रहे थे। बताया जा रहा है कि उक्त जमीन पर पिछले करीब एक माह से जेसीबी मशीन द्वारा लगातार खनन कार्य चल रहा था, जिससे वहां गहरा गड्ढा हो गया था।
जब चारों श्रमिक गड्ढे के अंदर काम कर रहे थे, तभी अचानक ऊपर से मिट्टी का बड़ा हिस्सा भरभराकर नीचे गिर गया। देखते ही देखते चारों श्रमिक मिट्टी के नीचे दब गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पास में ही दूसरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पर मिट्टी भर रहे श्रमिक शोर सुनकर दौड़े और किसी तरह मिट्टी हटाकर चारों को बाहर निकाला। सभी घायलों को आनन-फानन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नसीराबाद पहुंचाया गया।




















