उत्तर प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (BJP) के 18वें अध्यक्ष के चुनाव को लेकर चल रही तमाम अटकलों पर आज विराम लग गया। केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री और महाराजगंज से सात बार के सांसद पंकज चौधरी ने प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए अपना नामांकन दाखिल कर दिया है।
शनिवार को नामांकन पत्र दाखिल करने के लिए लखनऊ स्थित भाजपा मुख्यालय पर सुबह से ही गहमागहमी थी। दिल्ली से लखनऊ पहुँचे पंकज चौधरी ने पार्टी कार्यालय में अपना नामांकन पत्र भरा। इस मौके पर खास बात यह रही कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने उनके नाम का प्रस्ताव किया। इस दौरान पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री और केंद्रीय चुनाव पर्यवेक्षक विनोद तावड़े और संगठन चुनाव प्रभारी महेंद्र नाथ पांडेय भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री जैसे शीर्ष नेताओं के प्रस्तावक बनने और विनोद तावड़े की उपस्थिति से यह स्पष्ट हो गया कि पंकज चौधरी का नाम केंद्रीय नेतृत्व द्वारा सर्वसम्मति से तय किया गया है। पंकज चौधरी की ताजपोशी को पार्टी की एक गहरी राजनीतिक रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है।




















