राहुल गांधी के रायबरेली दौरे का गुरुवार को दूसरा दिन है। NTPC गेस्ट हाउस में उन्होंने जनता दरबार लगाया। करीब 1000 लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान एक दिव्यांग भाई की पीठ पर लदकर राहुल से मिलने पहुंचा। उसने सांसद से ट्राइसाइकिल मांगी।
राहुल से जनता दरबार में मिलने के लिए व्यापारी संगठन, इंडिया मेडिकल एसोसिएशन (IMO) का डेलीगेशन भी पहुंचा। राहुल ने सभी से एप्लिकेशन ली और समस्या का समाधान का आश्वासन दिया।
जनता दरबार के बाद राहुल दोपहर 12 बजे कलेक्ट्रेट पहुंचेंगे। यहां जिला स्तरीय विकास समन्वय एवं अनुश्रवण समिति (दिशा) की बैठक में शामिल होंगे। इसमें योगी सरकार के मंत्री दिनेश प्रताप सिंह भी शामिल होंगे। दिनेश प्रताप वही मंत्री हैं, जिन्होंने बुधवार को राहुल गांधी के दौरे का विरोध किया था।
वह भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ राहुल के रास्ते पर बैठ गए थे, जिस वजह से कुछ देर के लिए काफिले को रोक दिया गया था। हालांकि बाद में पुलिस ने उन्हें समझाकर हटाया।




















