रायबरेली। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की प्रारंभिक पात्रता परीक्षा-2025 (पीईटी) के लिए रायबरेली डिपो ने तैयारी पूरी कर ली है। शुक्रवार से परीक्षार्थियों को आठ जिलों के परीक्षा केंद्रों पर पहुंचाने का काम किया जाएगा। इसके लिए किराये की सूची जारी कर दी गई है। बसें परीक्षार्थियों को परीक्षा दिलाने के बाद वापस लेकर आएंगी।डिपो में वरिष्ठ केंद्र अधीक्षक सुरेश यादव के नेतृत्व में रोस्टर के हिसाब से कर्मचारी लगाए गए हैं। छह और सात सितंबर को पीईटी परीक्षा दो पालियों में होगी। सुल्तानपुर और जौनपुर के परीक्षार्थी जिले में परीक्षा देने के लिए आएंगे, जबकि 34 हजार से अधिक बच्चे दूसरे जिलों में परीक्षा देने के लिए जाएंगे। शासन की मंशा पर परीक्षा देने के लिए बच्चों को संबंधित जिलों तक पहुंचाने के लिए डिपो के स्तर से तैयारियां पूरी कर ली गई है।डिपो की 166 बसों को लगाया गया है। इन बसों का संचालन शुक्रवार सुबह से शुरू हो जाएगा। रोस्टर के हिसाब से डिपो में कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है।
रायबरेली डिपो के वरिष्ठ केंद्र अधीक्षक सुरेश यादव ने बताया कि डिपो परिसर से शुक्रवार से डिपो में अभ्यर्थियों के लिए पर्याप्त बसें उपलब्ध रहेंगी। बसों के फुल होते ही उन्हें संबंधित जिलों के लिए रवाना कर दिया जाएगा। अभ्यर्थियों को किसी भी स्तर पर परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। चालकाें-परिचालकों को समय से डिपो पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं।
जिलों की दूरी और किराया
जिला दूरी किराया
कन्नौज 199 287
कानपुर 118 181
वाराणसी 259 373
जौनपुर 195 272
सुल्तानपुर 92 134
हरदोई 212 309
उन्नाव 101 159
इटावा 284 394
पीईटी में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों को संबंधित जिलों तक पहुंचाने के लिए बसों के साथ ही अन्य बंदोबस्त कर लिए गए हैं। शुक्रवार सुबह से परीक्षार्थियों के आते ही बसों को भेजने का काम शुरू कर दिया जाएगा। इसके लिए कर्मचारियों की ड्यूटी लगा दी गई है।




















