यूपी चुनाव पर मथुरा से लेकर दिल्ली तक चिंतन और मंथन चल रहा है। इस चिंतन-मंथन में कॉमन चेहरा यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ हैं जो मंगलवार को मथुरा में बीजेपी की चिंतन बैठक में भी शामिल थे और फिर वहां से करीब 182 किलोमीटर दूर दिल्ली में पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन और गृह मंत्री अमित शाह के साथ मंथन में भी मौजूद रहे। दिल्ली पहुंचते ही सीएम योगी सबसे पहले पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन के आवास पर पहुंचे। दोनों नेताओं के बीच लंबी बातचीत हुई। इसके बाद सीएम योगी अपने दिल्ली प्रवास के दौरान सीधे गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात करने पहुंचे। दोनों के बीच करीब 1 घंटे तक बैठक चली। खास बात ये है कि इस बैठक में योगी और शाह के साथ बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन और संगठन महासचिव बीएल संतोष भी मौजूद थे।





















