रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह शुक्रवार को भारतीय सेना, भारतीय वायु सेना, सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) और अन्य सुरक्षा एजेंसियों के कर्मियों के साथ बातचीत करने के लिए भुज वायु सेना स्टेशन पहुंचे हैं। रक्षा मंत्री ने जवानों से बातचीत करते हुए उनकी हौसला अफजाई की साथ ही कहा कि जवानों की हौसले और दृढ़ता की वजह से ही यह ऑपरेशन सफल हो पाया है। ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारतीय सेना ने प्रभावी भूमिका निभाई जिसकी न केवल भारत में बल्कि विदेशों में भी सराहना हो रही है। रक्षा मंत्री ने गुजरात के भुज वायुसेना स्टेशन का दौरा किया। यह स्टेशन उन स्थानों में शामिल है जिन्हें पिछले सप्ताह पाकिस्तानी सेना ने निशाना बनाया था। रक्षा मंत्री ने सशस्त्र बलों की सराहना करते हुए कहा, ‘‘ऑपरेशन सिंदूर में हमारे सशस्त्र बल न केवल दुश्मन पर हावी रहे बल्कि उन्हें नेस्तनाबूद करने में भी उन्होंने सफलता पाई।’’ उन्होंने कहा कि हमारी वायु सेना ने आतंकवाद के खिलाफ इस अभियान का प्रभावी ढंग से संचालन किया और अपने पराक्रम, साहस और गौरव से नई और महान ऊंचाइयों को छुआ है। रक्षा मंत्री ने एक दिन पहले ही जम्मू कश्मीर में नियंत्रण रेखा और अंतरराष्ट्रीय सीमा पर समग्र सुरक्षा स्थिति की समीक्षा की थी। साथ ही रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, “मैं आज आपके बीच में आपका अभिनंदन करने के लिए आया हूं। ऑपरेशन सिंदूर में सचमुच में आप लोगों ने करिश्माई काम किया है और भारत का मस्तक आपने सारी दुनिया में ऊंचा किया है। ऑपरेशन सिंदूर के दौरान जो हमारे सैनिक अथवा हमारे नागरिक शहीद हुए हैं। मैं सबको नमन करता हूं और जो हमारे बहादुर जवान घायल हुए हैं उनके शीघ्र स्वस्थ होने की मैं ईश्वर से कामना करता हूं।”




















