रायबरेली के चंदापुर थाना क्षेत्र में दो महिला ठगों ने ग्रामीण महिलाओं को चूना लगा दिया। चंदापुर गांव के नया पुरवा मजरे में यह वारदात हुई। आरोपी महिलाएं पिछले तीन दिनों से गांव में पुराने बर्तनों के बदले नए बर्तन देकर महिलाओं का विश्वास जीत रही थीं। शनिवार को उन्होंने महिलाओं को लालच दिया कि कंपनी सोने-चांदी के जेवरों के बदले चार घंटे में प्रति आभूषण 6 हजार रुपए और एक बर्तन देगी। इस लालच में आकर 24 से अधिक महिलाओं ने अपने जेवर दे दिए। कुछ महिलाएं तो सुहाग की निशानी मंगलसूत्र तक उतार कर दे गईं।चार घंटे बाद जब पीड़ित महिलाओं ने ठग महिलाओं को फोन किया तो उन्होंने परेशान न होने का आश्वासन दिया। इसके बाद उनका फोन बंद हो गया। महिलाओं को ठगी का एहसास हुआ तो वे अपने परिजनों के साथ चंदापुर थाने पहुंचीं।दलित बाहुल्य गांव होने की वजह से अधिकतर घरों के पुरुष जीवीकोपार्जन हेतु परदेश में रहकर मेहनत मजदूरी करते हैं। इसी का फायदा उठा महिला ठगों ने रामावती, रानी,बीनू, लज्जावती,दीपिका, लीलावती,रमपता, कांती,फूलकला, ममता, रामावती, गुरु देई,नीलम,शीलावती,जंनकलली,कुंता, रंजना, माधुरी, फूलमती,रामलली व सीमा सहित अन्य महिलाओं के सोने चांदी के आभूषण पार कर दिए। महिलाओं ने प्रति आभूषण छः हजार रुपए व एक बर्तन के लालच में सुहाग की निशानी मंगलसूत्र तक महिला ठगों को गले से उतार कर दे दिया। गांव की आधा दर्जन से अधिक महिलाएं ठगी का शिकार होने के बाद भी पति व परिजनों के भय से चुप्पी साध रखी है, ठगी की शिकार महिलाओं ने बताया कि बताने पर पति व परिजन नाराज होंगे।थानाध्यक्ष प्रशांत द्विवेदी ने बताया कि मामला संज्ञान में है। पुलिस आरोपी महिलाओं की फोटो और वीडियो के आधार पर तलाश कर रही है। उन्होंने यह भी बताया कि आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। कुल मिलाकर करीब 20 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर ठगी का शिकार हुए हैं।