प्रांतीय कार्तिक पूर्णिमा मेले में आस्था के सैलाब के बीच अपनों का हाथ छूटने से करीब 50 बच्चों की आंखें नम हो गईं। गंगा स्नान और मेले की रौनक के बीच परिवार से बिछड़े इन मासूमों के लिए खोया-पाया केंद्र ही सहारा बना। पुलिसकर्मियों ने बच्चों को मेला कोतवाली पहुंचाया और लाउडस्पीकर के माध्यम से उनकी पहचान व परिजनों की जानकारी प्रसारित कराई। आवाज सुनते ही बच्चों के स्वजन अपनों की तलाश में खोया-पाया केंद्र पहुंचने लगे। केंद्र में अपने जिगर के टुकड़े को सुरक्षित देख किसी मां की आंखों से आंसू छलक पड़े तो कोई पिता भावुक होकर बच्चे को सीने से लगाकर रो पड़ा। मेले की भीड़ में अपनों से बिछड़े मासूम भी स्वजन को देखते ही उनसे लिपट गए। कुछ देर पहले तक सिसक रहे बच्चों के चेहरे पर अपनों को देखकर मुस्कान लौट आई। भावुक कर देने वाले इन दृश्यों को देखकर वहां मौजूद लोग भी द्रवित हो उठे। खास बात यह रही कि महिला पुलिसकर्मियों ने बच्चों और उनके परिजनों को ढांढस बंधाया। साथ ही अभिभावकों को मेले में बच्चों का हाथ थामकर रखने और उनकी जेब में पहचान व मोबाइल नंबर की पर्ची रखने की सलाह दी, ताकि दोबारा ऐसी स्थिति न बने।





















