सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने झांसी का दौरा किया. इस दौरान उन्होंने मंडल की कानून व्यवस्था की समीक्षा करते हुए नाराजगी व्यक्त की. सीएम योगी ने ललितपुर में हुई घटना को लेकर भी गहरा असंतोष व्यक्त किया और पुलिस अधीक्षक से इस संबंध में जवाब तलब किया. उन्होंने देर से की गई कार्रवाई पर भी सख्त नाराजगी जाहिर की.मंडल में माफियाओं के खिलाफ अपेक्षित कार्रवाई ना होने पर भी गहरा असंतोष व्यक्त किया. उन्होंने निर्देश देते हुए कहा कि पेशेवर माफियाओं पर सख्त कार्रवाई करना सुनिश्चित करें. सीएम ने कहा कि माफियाओं के प्रति संवेदना ना हो, आम आदमी के प्रति संवेदना होनी चाहिए. धार्मिक स्थलों पर लगे लाउडस्पीकर जो उतारे गए हैं, वह फिर से ना लगें, इसको सुनिश्चित करने को भी सीएम ने कहा. इसके साथ ही साथ आवाज सीमित रहे परिसर के बाहर ना जाने पाए यह भी ध्यान रखने की सीएम ने सलाह दी. उन्होंने संबंधित थानाध्यक्ष, क्षेत्राधिकारी व उप जिलाधिकारी की जवाबदेही भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.




















