रायबरेली में लखनऊ-प्रयागराज हाईवे पर शनिवार को एक सड़क हादसा हो गया। भदोखर थाना क्षेत्र के कुचरिया के पास सड़क पर बारिश का पानी जमा होने के कारण एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। इस हादसे में कार सवार डॉ. रजत पांडे और राजेश के साथ एक बाइक सवार कुलदीप गंभीर रूप से घायल हो गए।पूरी घटना का विडिओ रविवार को सोशल मीडिया पर आया।
जानकारी के अनुसार, शहर कोतवाली क्षेत्र के नेहरू नगर निवासी डॉ. रजत पांडे (38), पुत्र आर.के. पांडे, अपने साथी राजेश (40), पुत्र रामू के साथ प्रयागराज की ओर जा रहे थे। कुचरिया के पास सड़क पर जलभराव के कारण उनकी कार अनियंत्रित हो गई।कार सीधे डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पास खड़े बाइक सवार कुलदीप (32) भी इसकी चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। रायबरेली के युवा गैस्ट्रो सर्जन डॉ. रजत पांडे को गंभीर हालत में एम्स रायबरेली में भर्ती कराया गया है। राजेश और कुलदीप का भी इलाज चल रहा है। इस हादसे का एक लाइव वीडियो भी सामने आया है।





















