बीएसएफ जवान के माता पिता से लूट करने वाले दो बदमाशों को पुलिस ने मुठभेड़ में गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ में दोनों बदमाशों के बाएं पैर में गोली लगी है। उन्हें सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
अपर पुलिस अधीक्षक आलोक सिंह ने बताया कि छह मई को करनपुर गांव के पास बदमाशों ने बाइक सवार दंपती से असलहे के बल पर लूट की थी। शिकायत पर टीम गठित कर जांच की जा रही थी।
इस दौरान सोमवार की रात शिवगढ़ रोड पर शारदा नहर पुलिया के पास संदिग्ध वाहन एवं व्यक्तियों की चेकिंग की जा रही थी। तभी एक बाइक सवार दो संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए। पुलिस को देखकर दोनों भागने लगे, जिस पर पुलिस टीम ने पीछा कर घेरा बंदी की।खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली दोनों आरोपितों के बाएं पैर में लगी, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर सीएचसी भेजा गया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
एएसपी ने बताया कि गिरफ्तार बदमाश अमेठी जनपद के चौक बाजार माधवपुर थाना गौरीगंज निवासी चंद्रशेखर केसरवानी उर्फ पप्पू और प्रतापगढ़ के बाबा का गांव पट्टी कचेहरा थाना उदयपुर के शिव सहाय सिंह उर्फ सोनू हैं।
पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से एक पिस्टल, एक तमंचा, जिंदा कारतूस, दो सोने की चेन तथा 11,200 रुपये नकद बरामद किए हैं।





















