रायबरेली के जगतपुर में किसान की मौत के बाद हुए सड़क जाम और पुलिसकर्मियों से धक्का-मुक्की के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने इस घटना में 173 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है, जिनमें 23 नामजद और 150 अज्ञात पुरुष व महिलाएं शामिल हैं।
यह घटना तब हुई जब छिछौरा मजरे अलावलपुर निवासी 55 वर्षीय सुरेश कुमार की 19 मार्च को तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई थी। आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर जगतपुर-डलमऊ मार्ग पर विशवनाथगंज गांव के पास सड़क जाम कर दिया था, जिससे राहगीरों को काफी परेशानी हुई।
पुलिस द्वारा समझाने का प्रयास करने पर कुछ लोग उग्र हो गए और उन्होंने पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की व अभद्रता की। इतना ही नहीं, पोस्टमार्टम हाउस में भी पुलिस के साथ दुर्व्यवहार की घटना सामने आई थी।जगतपुर थाना प्रभारी पंकज कुमार त्यागी ने बताया कि एक सिपाही की तहरीर पर यह मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों की पहचान कर आगे की कार्रवाई कर रही है।
पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों द्वारा मुआवजे का आश्वासन दिए जाने के बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त कर दिया। फिलहाल, क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात है और मामले की जांच जारी है।




















