महोबा: जिले में शुक्रवार को युवा उद्घोष कार्यक्रम से लौट रहे कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह का काफिला बीच रास्ते में भाजपा विधायक बृजभूषण राजपूत ने रोक दिया . रामश्री महाविद्यालय के पास बड़ी संख्या में ग्राम प्रधान और स्थानीय लोग मौजूद थे, जिन्होंने क्षेत्र के सड़कों की समस्याओं को लेकर विरोध जताया था. इतना ही नहीं दोनों पक्षों में जमकर नोकझोक भी हुई थी. वहीं, मंत्री और विधायक के बीच हुए टकराव के बाद सियासी हलचल तेज हो गई है. भाजपा विधायक बृजभूषण राजपूत के समर्थन में उनके पिता और पूर्व सांसद गंगा चरण राजपूत सोशल मीडिया पर पोस्ट कर बेटे का समर्थन किया है. उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा है कि विधायक जनता का नौकर है, किसी मंत्री का नहीं, मंत्री भी जनता का ही नौकर है, कोई अपने आप को राजा न समझे. इस पोस्ट के बाद मामला और गरमा गया है.
महोबा की चरखारी विधानसभा सीट से विधायक बृजभूषण राजपूत ने कहा, ”हर घर जल योजना पीएम मोदी की योजना है। उसका कार्य पूरा करवाने के लिए किसी को भी रोकने की जरूरत पड़ेगी तो रोकूंगा। यह जनता की समस्या का समाधान करने के लिए जनता ने मुझे चुना है और पार्टी ने टिकट दिया है। जनता की सेवा करने के लिए किसी को भी रोकना पड़े तो यह मेरा कर्तव्य है और उससे पीछे नहीं उठूंगा। योजना छह साल से चल रही है और अभी तक काम पूरे नहीं हो रहे।”
उन्होंने आरोप लगाया कि टंकियां चूं रही हैं, सड़कें खुदी हुई हैं, जलभराव है, ऐसी समस्याओं के बारे में मंत्री को अवगत करवाया है। उन्होंने 20 दिन का समय मांगा और कहा कि ये सब ठीक होना चाहिए। उन्होंने कहा था कि मैं भी चलता हूं, निरीक्षण करता हूं, लेकिन वे नहीं गए। अब 20 दिन का समय लिया, काम करते हैं या नहीं, उनके कार्यशैली पर निर्भर करेगा। अगर वे काम करते हैं तो अच्छी बात है, लेकिन नहीं करेंगे तो हम छोड़ेंगे नहीं, क्योंकि ये पीएम मोदी की योजना है





















