थाने से संदिग्ध भागने के मामले में पुलिस अधीक्षक ने हरचंदपुर थानाध्यक्ष को लाइन हाजिर कर दिया है। सीओ लालगंज ने गुरुवार की शाम मामले की जांच रिपोर्ट एसपी को भेजी थी, जिसके आधार पर एसपी ने देर रात कार्रवाई की है।
बताया जा रहा है कि जांच में तीन अन्य पुलिसकर्मियों की भी लापरवाही सामने आई है। सूत्रों की मानें तो उनपर भी जल्द कार्रवाई हो सकती है।
चोरी के एक मामले में हरचंदपुर पुलिस ने दो संदिग्ध युवकों को पकड़ा था। बताया जा रहा है कि संदिग्ध गैर जनपद के रहने वाले हैं, पुलिस ने उन्हें मंगलवार को शहर से पकड़ा, इसके बाद उन्हें थाने ले जाया गया। जहां पुलिस और एसओजी की टीम ने उनसे पूछताछ की। बुधवार की तड़के दोनों युवक पुलिस को चकमा देकर थाने से फरार हो गए।






















